न्होंने कहा कि बदमाशों की पहचान करने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है
कोलकाता। पुलिस ने सोमवार को बताया कि गोलपार्क के काकुलिया में दो गुटों के बीच झड़प के दौरान बम फेंके गए और गोलियां चलाई गईं, जिसमें दो लोग घायल हो गए। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि रविवार रात रबींद्र सरोवर पुलिस स्टेशन के तहत दक्षिण कोलकाता के गोलपार्क इलाके में हुई झड़प में कम से कम 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि हालात अब काबू में हैं। सोमवार सुबह 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, और झड़प में शामिल अन्य लोगों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी जारी है। उन्होंने बताया कि रविवार रात करीब 8.30 बजे कंकुलिया रोड पर हिंसा भड़क गई, जब दूसरे इलाके से युवाओं का एक ग्रुप इलाके में घुस आया और स्थानीय लोगों से उनका सामना हुआ।
उन्होंने कहा कि इस घटना में दो लोग घायल हो गए। पुलिसकर्मी ने बताया कि दोनों तरफ से पत्थर फेंके गए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। अधिकारी ने कहा कि झड़प के दौरान कच्चे बम फेंके गए, और कम से कम एक राउंड गोलियां चलाई गईं। इलाके से खाली कारतूस और छर्रे बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि बाद में एक भीड़ ने कई मोटरसाइकिलों में तोडफ़ोड़ की और जब सुरक्षाकर्मी भीड़ को तितर-बितर करने के लिए मौके पर पहुंचे तो उन्होंने पुलिस की गाड़ी पर हमला करने की कोशिश की। अधिकारी ने बताया कि हालात को काबू में करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।
उन्होंने कहा कि बदमाशों की पहचान करने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि हिंसा का मकसद इलाके पर अपना दबदबा कायम करना था। तृणमूल कांग्रेस के पार्षद ने इलाके का दौरा किया और कहा कि दहशत फैलाने और सार्वजनिक व्यवस्था बिगाडऩे वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।